एक दुल्हन, दो दूल्हे और वह भी सगे भाई। यह कोई लव ट्रायंगल नहीं, कोई धोखा नहीं बल्कि समाज की मंजूरी के साथ पूरे रीति-रिवाज से एक अनोखा विवाह है।
यह कोई फिल्म की स्क्रिप्ट नहीं है, बल्कि सच्ची कहानी है। हिमाचल प्रदेश के एक गांव की है। जहां आज भी निभाई जाती है एक ऐसी परंपरा जो जितनी अनोखी है उतनी ही चौंकाने वाली भी।
चलिए जानते हैं इस परंपरा की पूरी कहानी।
ये पहाड़ों के बीच बसा एक छोटा सा गांव आज देश भर में सुर्खियों में है। क्योंकि यहां के दो सगे भाइयों ने एक ही लड़की से शादी की है। जिसके वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं।
दो सगे भाइयों ने एक ही लड़की से शादी की यह कैसे मुमकिन है?
दरअसल यह शादी किसी मजबूरी में नहीं बल्कि एक सदियों पुरानी परंपरा के तहत हुई है। जिसे स्थानीय भाषा में पॉलिंड्री कहा जाता है। यानी एक महिला की एक से अधिक पतियों से शादी। यह परंपरा यहां की पीढ़ियों से चली आ रही है।
कैसे हुई शादी?
बताया जा रहा है कि पूरे परिवार को साथ रखने और जमीन के बंटवारे से बचने की पुरानी परंपरा को कायम रखने के लिए दोनों भाइयों ने यह कदम उठाया है। यह शादी 12, 13 और 14 जुलाई को शिलाई गांव में धूमधाम से संपन्न हुई। शादी में पूरे परिवार और गांव के कई लोग शामिल हुए। हाटी समुदाय में इसे उजला पक्ष के नाम से जाना जाता है।
लड़की का गांव?
शिलाई गांव के थिंडो खानदान के एक व्यक्ति ने दोनों बेटों की शादी कुलहट गांव की एक युवती से पूरे रीति-रिवाज के साथ करवाई। तीनों नवविवाहित, शिक्षित हैं और संपन्न परिवार से ताल्लुक रखते हैं। एक दूल्हा जलशक्ति विभाग में कार्यरत है जबकि दूसरा विदेश में काम करता है।
अनोखी बहुपति परंपरा
इस अनोखी बहुपति परंपरा में विवाह को जाजदा कहा जाता है। जिसमें दुल्हन बारात लेकर दूल्हे के गांव पहुंचती है। दूल्हे के घर एक खास रस्म होती है जिसे सिंस कहा जाता है। इसमें पंडित जी स्थानीय बोली में मंत्र पढ़ते हैं। विवाह का समापन दंपत्ति को गुड़ खिलाकर होता है और कुल देवता से उनके जीवन में मिठास और सौहार्द बनाए रहे ऐसे आशीर्वाद की कामना की जाती है। समय के साथ यह प्रथा लगभग समाप्त हो चुकी है।
परंपरा का संबंध पांडवों से
1970 और 1980 के दशक के बाद ऐसी शादियां बहुत कम देखने को मिली। लेकिन इस ताजा मामले ने एक बार फिर इस परंपरा को चर्चा में ला दिया। कहा जाता है कि इस परंपरा का संबंध पांडवों से भी है। हालांकि सोशल मीडिया पर इस शादी को लेकर लोग सवाल उठा रहे हैं। कई लोग कह रहे हैं कि समय के साथ समाज में बदलाव आ चुका है और सबसे बड़ा सवाल यह है कि युवती इस अनोखी शादी के लिए कैसे राजी हो गई?









